गोरखपुर: भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने 2017 के चुनाव के पहले एक बार फिर विवादित पोस्टर जारी उत्तर प्रदेश की राजनीति को हवा दे दी है। पोस्टर में दाहिनी ओर योगी आदित्यनाथ बजरंगबली के रूप में उड़ते दिख रहे हैं। उनके हाथ में राम मंदिर है। वहीं नीचे एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जमीन पर कार्टून के रूप में धराशाई दिखाया गया है।
पोस्टर के स्लोगन लिखा है, 'सारा यूपी डोल रहा है योगी योगी बोल रहा है' उसके नीचे यह सन्देश देने का प्रयास किया गया है, कि 2017 में योगी जी आएंगेए राम मंदिर बनवायेंगे। उसके नीचे मुस्लिम समाज निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका दर्ज कराएंगे लिखा गया है। पोस्टर के बाईं और ऊपर भाजपा का चुनाव चिह्न कमल और नीचे पोस्टर जारी करने वाले भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य इरफ़ान अहमद का फ़ोटो भी लगा है।
इस सम्बन्ध में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्य इरफ़ान अहमद का कहना है कि ईद के मौके पर वह पोस्टर जारी कर यह सन्देश देना चाहते हैं कि मुस्लिम समाज योगी आदित्यनाथ के साथ है। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। मुस्लिम समाज अयोध्या में राम मंदिर बनाने में उनका पूरा साथ देगा।