आजमगढ: श्रम व सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में आज शहर के समीप सिधारी पुल स्थित लेबर अड्डे पर श्रम विभाग के कैम्प में 1235 श्रमिकों को तमाम सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से सम्बंधित प्रमाण पत्र को सौंपा गया। खुद मंत्री ने पांच लोगों को प्रमाणपत्र सौंप कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
स्वामी प्रसाद मौर्या ने इसके साथ ही पूर्ववर्ती सपा सरकार पर न केवल निशाना साधा बल्कि सपा बसपा के संभावित गठबंधन पर कहा कि इनका कोई न्यूनतम कार्यक्रम नहीं है और यह सूखे पत्ते की तरह झड़ जाएगा।
वहीं आज के भारत बंद पर कहा कि इसका कोई असर नहीं है। यहां भीड़ भरे चौराहे पर कार्यक्रम हो रहा है लेकिन कहीं कोई व्यवधान नहीं है।
वहीं यह भी दावा किया कि एससी/एसटी एक्ट समाज के सबसे पीछे के तबके को बराबर लाने का प्रयास है। मौर्य ने कहा कि सवर्ण लोग भी एससी-एसटी एक्ट का स्वागत कर रहे हैं।
दावा किया कि वही लोग विरोध कर रहे हैं जो अनुसूचित जाति की बहन बेटियों पर बुरी नज़र रखते हैं और उनके घरों को जलाने में अपनी शान समझते हों। पेट्रोल डीजल की बढ़ोत्तरी के सवाल पर कहा कि यह कांग्रेस की सरकार में भी बहुत ज्यादा बढ़ा था यह कोई नई बात नहीं है।
सपा पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार में चहेतों को साइकिल बांट दी गयी थी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि योजनाओं के लाभ के वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही या भेदभाव नहीं होना चाहिए।