झांसीः झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती उस युवक ने सपने में भी नहीं सोचा था कि प्यार करने की सजा कभी इतनी भी भयानक हो सकती है। लड़की के परिजनों ने पहले युवक का अपहरण किया।
इसके बाद बंधक बनाकर उसका सिर मुड़वाया और पीट-पीटकर उसे मरणासन्न हालत में पहुंचाया। गनीमत है कि समय रहते इसकी जानकारी पुलिस को हुई और उसने पहुंचकर उसे बंधक से मुक्त कराकर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
झांसी के जिले के प्रेमनगर थानान्तर्गत राजगढ़ निवासी चंदन पुत्र श्रीराम अहिरवार मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। चंदन के पिता श्रीराम अहिरवार का कहना है कि पांच साल पहले उसका बेटा चंदन जब पढ़ाई करता था। तभी खुशीपुरा में रहने वाली लड़की से उसे प्यार हो गया था।
प्यार इतना गहरा था कि उन्होंने साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुए शादी करने का निर्णय लिया। जब इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को हुई तो पिता ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया। इसी बीच एक आरोप में जेल में बंद उसका भाई छूटकर घर आया हुआ था। उसे इसकी जानकारी हुई तो उसने अपनी बहन की डांट लगा ली। जिससे क्षुब्ध होकर लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
इसी रंजिशन का बदला लेने के फिराक में वह घूम रहा था। चंदन मोहल्ले में स्थित पीएसी के नजदीक खड़ा हुआ था। तभी वहां उक्त लड़की का भाई अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अपहरण कर इंडिको कार से अपने साथ ले गये।
इसके बाद बंधक बनाकर उसे गंजा किया और फिर नग्न अवस्था में कर उसकी बेहरमी से पिटाई। जिससे वह बेहोश हो गई। इसकी जानकारी जैसे ही पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची और उक्त युवक को आरोपियों से मुक्त कराकर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
झांसी एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला पंजीकृत कर लिया गया है। इसके साथ ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।