नई दिल्लीः पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस की ओर से बुलाए गए बंद का कई राज्यों में असर देखा गया। बिहार में बंद का सबसे ज्यादा असर दिखाई दिया। बिहार के अलावा महाराष्टृ, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश और ओड़िसा में भी बंद का असर दिखाई दिया।
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ आज पूरे विपक्ष ने अपनी ताकत दिखाई। देशभर में कई जगह प्रदर्शन हो रहे हैं, इस दौरान कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार के खिलाफ धरना दिया।
मोदी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने दो करोड़ किसानों को रोजगार देने की बात की थी। किसानों और महिलाओं की रक्षा करने की बात की थी। जिसपर लोगों ने भरोसा किया था। लेकिन प्रधानमंत्री ने इनमें से कोई भी वादे पूरे नहीं किए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि जो सत्तर साल में नहीं हुआ वह अब हो रहा है। वह सही हैं कि जो 70 साल में नहीं हुआ वो इन चार साल में हुआ है। क्योंकि आज एक हिंदुस्तानी दूसरे हिंदुस्तानी से लड़ रहा है, आज एक धर्म दूसरे धर्म से तो वहीं एक जाति दूसरी जाति से लड़ रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल आज 80 के पार और डीज़ल करीब 80 के पास पहुंच गया है। एलपीजी के दाम 800 रुपए तक पहुंच गए हैं। पहले पूरे देश में पीएम मोदी घूम-घूमकर कहते थे कि पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं लेकिन आज एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं।
राहुल ने कहा कि बलात्कार की घटना में बीजेपी के विधायक शामिल होते हैं, लेकिन पीएम चुप ही रहते हैं। राहुल ने कहा कि पता नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कौन-सी दुनिया में हैं, बस भाषण ही देते रहते हैं। देश में सिर्फ 15-20 क्रोनी कैपिटलिस्ट को रास्ता दिख रहा है, लेकिन किसानों को रास्ता नहीं मिल रहा है। किसानों का कर्ज माफ नहीं हो रहा है, लेकिन एक उद्योगपति को 45 हजार करोड़ का तोहफा दे दिया जाता है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देशभर में टॉयलेट बना दिए लेकिन उनमें पानी नहीं है। पीएम मोदी को देखकर आज पूरा देश तंग आ गया है, हमने सोचा था कि हिंदुस्तान को एक टैक्स दिया जाए। लेकिन आज पांच-पांच टैक्स दे दिए हैं।
राहुल से पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को एक होना होगा, छोटे मुद्दों को भूल लोगों की आवाज़ को उठाना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने का वक्त आने वाला है, मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल रही है।